भाई ने बहन के प्रेमी का कत्ल कर नहर में फेंका शव, वारदात के 11 दिन बाद हुआ खुलासा, गिरफ्तार पर हुआ हैरान करने वाला खुलासा

लुधियाना (09 JUNE) करीब 11 दिन पहले गिल गांव से लापता हुए युवक की हत्या उसकी प्रेमिका के भाई ने कर दी थी। जिसके बाद शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए नहर में फेंक दिया। शव 6 जून को सुधार नहर ग्रिड के पास से बरामद किया गया। अब थाना डेहलों पुलिस ने हत्यारोपित को नामजद करके गिरफ्तार कर लिया। उसे मंगलवार अदालत में पेश किया गया। जहां से रिमांड हासिल करके कड़ी पूछताछ की जा रही है।

एडीसीपी-2 जसकिरणजीत सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान गांव किला रायपुर निवासी जगजीवन सिंह उर्फ जीवन के रूप में हुई। मृतक गिल गांव निवासी बूटा सिंह उर्फ साेनू (30) था। वह मूल रूप से मोगा के गांव पत्तोहीरा का रहने वाला था। पुलिस ने गिल गांव निवासी उसके मौसेरे भाई जगमीत सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि बूटा करीब 15 साल से उसके पास रह कर यहां प्राइवेट सिक्योरिटी का काम करता था। 29 मई की शाम 7 बजे वो घर में किसी को कुछ बताए बगैर मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं चला गया। उसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। उसने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी।

छह जून को पुलिस ने सुधार नहर पर बने बिजली ग्रिड के जंगले के पास तैरता एक शव बरामद किया। उसकी पहचान बूटा सिंह के रूप में हुई। उसके सिर पर चोट के निशान थे और गले में बेल्ट थी। ऐसा लग रहा था कि सिर पर किसी भारी चीज से हमला करने के बाद गला दबा कर उसकी हत्या की गई है। एसएचओ सुखदेव सिंह तथा चाैकी मराडो इंचार्ज अश्विनी कुमार को छानबीन के दौरान पता चला कि बूटा सिंह के गांव किला रायपुुर में एक लड़की के साथ प्रेम संबंध थे। वो उसके साथ शादी करना चाहता था।

29 मई की शाम वो उसी से मिलने के लिए उसके गांव गया। उस समय उसने काफी शराब पी रखी थी। मगर प्रेमिका के घर के बाहर ही उसे उसका भाई जगजीवन सिंह मिल गया। वह बूटा सिंह को अपने साथ जस्सोवाल नहर के पुल पर ले गया। जहां उसने बूटा सिंह के सिर पर ईंट मार कर उसकी हत्या कर दी। उसके गले में अपनी बेल्ट डाल घसीटते हुए शव को नहर में फेंक दिया। आरोपित इसके बाद बूटा सिंह का मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। सोमवार शाम पुलिस ने उसे उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से बूटा सिंह का मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया गया। आरोपित ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here